
न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया कटनी।। जब दिल में देश के लिए गर्व और आंखों में तिरंगे का सपना हो, तो मौसम की कोई मार देशभक्तों के कदम थाम नहीं सकती।
कटनी शहर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत इस साल भी तिरंगा यात्रा बारिश की बूंदों में भीगते हुए उत्साह, जोश और देशभक्ति के अद्भुत रंग बिखेरती रही।
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी जैसे ही यात्रा शुरू होने को हुई, आसमान से झमाझम बारिश बरसने लगी, लेकिन तिरंगे के प्रति लोगों का जोश बारिश से कहीं ज्यादा उमड़ा।
फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 10:30 बजे तिरंगा यात्रा का आगाज हुआ, जहां जोरदार तैयारियों के साथ हजारों लोग मौजूद थे।
यात्रा में जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, सांसद वी.डी. शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, विधायक संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे, धीरेन्द्र सिंह, महापौर प्रीति सूरी, कलेक्टर दिलीप यादव, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिकों ने तिरंगे के साथ कदम मिलाए।
बारिश की रिमझिम में लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।






