



दिनांक: 25 मई 2025 | स्थान: कटनी
कटनी जिले की कुठला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पन्नी कॉलोनी में पत्थर पटककर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी अन्नू कोल को पुलिस ने बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा के एक निर्माणाधीन मकान से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस ने परंपरागत तरीकों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का भी सहारा लिया।
घटना का विवरण
दिनांक 28 अप्रैल 2025 को शिवप्रसाद कोल ने थाना कुठला में सूचना दी थी कि 27 अप्रैल की रात लगभग 10:30 बजे उसका बेटा प्रदीप उर्फ बिट्टू कोल आरोपी अन्नू कोल के बुलावे पर घर से गया और फिर वापस नहीं लौटा। अगली सुबह प्रदीप की लाश अन्नू कोल के घर में कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में पाई गई थी। उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटों के निशान थे।
मामले की त्वरित जांच के दौरान आरोपी का भाई अनिल कोल गिरफ्तार किया गया, जिसने कबूला कि उसने शव को छुपाने में अन्नू की मदद की थी। अनिल कोल पहले से ही जेल में है।
अन्नू कोल की फरारी और गिरफ्तारी
मुख्य आरोपी अन्नू कोल वारदात के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम को महाराष्ट्र के कल्याण तक भेजा गया, लेकिन वहाँ से भी वह फरार हो गया। महीनों की सतर्क निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों के बाद कुठला पुलिस ने 24-25 मई की रात उसे ग्राम भदौरा से दबोच लिया।
हत्या की मुख्य वजह
पूछताछ में अन्नू कोल ने स्वीकार किया कि उसने अश्लील गाली गलौज की वजह से प्रदीप उर्फ बिट्टू की पत्थर से हत्या की थी। हत्या के बाद उसने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी, लेकिन औजार न मिलने के कारण वह रातोंरात भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: अन्नू कोल
पिता का नाम: लक्ष्मी प्रसाद कोल
उम्र: 25 वर्ष
निवासी: पन्नी कॉलोनी, थाना कुठला, जिला कटनी
आपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी के खिलाफ कुठला थाने में पहले से दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस सफलता में पुलिस टीम की विशेष भूमिका:
निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्याम नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक अजय यादव, सुनील पाण्डेय, राहुल मिश्रा, नन्दकिशोर अहिरवार, विद्यानन्द मिश्रा, प्रशान्त विश्वकर्मा सायबर सेल, आरक्षक सतेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, शिशिर पाण्डेय, विनोद मार्कों, अजय पाठक तथा सतेन्द्र सिंह सायबर सेल की सक्रिय भूमिका रही।