“निगमायुक्त का औचक निरीक्षण! अवैध दुकानों पर भड़कीं तपस्या परिहार, उपयंत्री को नोटिस के निर्देश”

कटनी में विकास कार्यों में लापरवाही और अवैध निर्माण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार शुक्रवार सुबह अचानक राम मनोहर लोहिया वार्ड के रचना नगर और अहमद नगर पहुंचीं। यहां उन्होंने निर्माणाधीन नाला-नालियों की गुणवत्ता जांची, अवैध दुकानों के निर्माण पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने साफ कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता और काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लाख के निर्माण कार्यों का निरीक्षण

दरअसल, शुक्रवार सुबह नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने राम मनोहर लोहिया वार्ड के रचना नगर और अहमद नगर का औचक निरीक्षण किया। निगमायुक्त के अचानक पहुंचने से मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने रचना नगर में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए गली नंबर 1 से 4 तक करीब 35 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे नाले का जायजा लिया। वहीं, काली माता मंदिर के पास 18 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नाली का भी बारीकी से निरीक्षण किया।उन्होंने नाले और नालियों के लेवल, ढाल और पानी की निकासी की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

निगमायुक्त ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्य केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए नहीं किए जाएं, बल्कि उनकी गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके। साथ ही, सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए।

अवैध दुकानों के निर्माण पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान अहमद नगर के मुख्य प्रवेश द्वार पर बिना अनुमति और नक्शे के निर्माणाधीन दो दुकानों का मामला सामने आया। दुकानों के निर्माण को लेकर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल उठाते हुए क्षेत्रीय उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, संबंधित निर्माणकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

अहमद नगर में बनेगा आंगनबाड़ी केंद्र

जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए निगमायुक्त ने अहमद नगर में प्रस्तावित आंगनबाड़ी भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में मजबूती और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, भवन में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। इससे क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम आगे बढ़ सकेगा।

विकास शुल्क जमा करने के लिए वार्ड में लगेंगे कैंप

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि लोगों को विकास शुल्क जमा करने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए वार्ड स्तर पर ही कैंप लगाए जाएंगे, ताकि नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही सुविधा मिल सके।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING