
कटनी। शहर में पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने स्टेशन रोड स्थित ईश्वर शाह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम आयुक्त तपस्या परिहार के कड़े निर्देशों के बाद पार्किंग के लिए निर्धारित बेसमेंट की जगह पर किए गए अनधिकृत कब्जों को हटाया जा रहा है।
मौके पर भारी पुलिस बल और निगम अमला तैनात
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन की निगरानी में बेसमेंट के पार्किंग क्षेत्र को कब्जों से मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले कर बकाया होने के मामले में भी नगर निगम इस कॉम्प्लेक्स की दुकानों को सीज करने की कार्रवाई कर चुका है। अब पार्किंग के लिए निर्धारित बेसमेंट को खाली कराने के लिए निगम ने कदम उठाया है।
पार्किंग शुरू होने से जाम से मिलेगी राहत!
इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कॉम्प्लेक्स के सामने सड़क पर खड़े होने वाले वाहनों को व्यवस्थित पार्किंग उपलब्ध कराना है। बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा शुरू होने से सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की समस्या कम होने और यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वहीं, नगर निगम की वर्षों से खाली पड़ी पार्किंग को भी उपयोग के लिए तैयार करने की योजना है। इसके तहत पार्किंग स्थल की सफाई और लाइट की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोग इसका उपयोग कर सकें।
फिलहाल, निगम आयुक्त तपस्या परिहार के निर्देशों पर जारी इस कार्रवाई से स्टेशन रोड पर पार्किंग व्यवस्था में सुधार और यातायात को सुगम बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।







