
कटनी नगर निगम में सोमवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में समय-सीमा (टीएल) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, न्यायालयीन मामलों, राजस्व वसूली, स्वच्छता व्यवस्था और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने और विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी
नगर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक मार्गों पर घूमने वाले मवेशियों और डेयरी विस्थापन की कार्रवाई में लापरवाही पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने वार्ड क्रमांक 18, 19, 20, 21 और 35 में स्वच्छता मित्रों की कम उपस्थिति को लेकर संबंधित दरोगाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नवरात्रि के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों और दुर्गा पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, डस्टबिन रखवाने और घुमंतू मवेशियों पर कार्रवाई करने को कहा।
राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश
निगमायुक्त ने राजस्व विभाग को नगर निगम की रीढ़ बताते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली करने के निर्देश दिए। बड़े बकायादारों से नियमित संपर्क, डिमांड नोटिस का शत-प्रतिशत वितरण और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। वहीं, नामांतरण प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लिपिक को अंतिम चेतावनी देते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अवैध निर्माण और मैरिज गार्डनों पर होगी कार्रवाई
नगर में अवैध मैरिज गार्डनों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई करने तथा भवन अनुज्ञा के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति या स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए गए निर्माणों को चिह्नित कर नोटिस जारी करने, कंपाउंडिंग की कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर निर्माण तोड़ने की कार्रवाई प्रस्तावित करने को कहा गया।
विकास परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर
बैठक में प्रियदर्शनी बस स्टैंड, सराय कॉम्प्लेक्स, गोल बाजार, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, डेयरी प्रोजेक्ट, हॉकर जोन और खिरहनी मार्केट सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने भूमि आवंटन, निविदा, दर स्वीकृति, अनुबंध और कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डवार छोटे हॉकर जोन विकसित करने पर भी जोर दिया।
आवास और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 के तहत निर्माणाधीन और लंबित आवासों, हितग्राहियों को किश्तों के भुगतान तथा आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने पात्र परिवारों को समय पर पक्के आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, पीएम स्वनिधि योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए साप्ताहिक लक्ष्य पूरा करने और पात्र छोटे व्यवसायियों के ऋण आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। स्वनिधि से समृद्धि और क्रेडिट कार्ड से जुड़े प्रकरणों में भी तेजी लाने को कहा गया।
अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा
बैठक में रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन, महापौर जनसुनवाई के लंबित आवेदन, दैनिक जलापूर्ति, संबल योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आईएचएसडीपी भवनों के आवंटन की समीक्षा की गई। कटाएघाट मेले के व्यवस्थित आयोजन, वाहन स्टैंड की व्यवस्था, नदियों के सीमांकन के बाद पत्थर लगाने तथा निगम के डायरेक्शन बोर्ड पर निजी बैनर-पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में उपायुक्त प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।
।







