
कटनी! कटनी में कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल और उनके बेहतर विकास के उद्देश्य से संचालित नगर निगम के पालन घर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने टी.सी. बजान स्कूल परिसर में संचालित पालन घर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की सुविधाओं, पोषण आहार, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनकी रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति पंजी, पेयजल, पोषण आहार, खेल सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया निगमायुक्त ने बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक खिलौने, चार्ट, पठन सामग्री और खेल उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पालन घर के पीछे खाली स्थान पर सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवॉल बनाकर उसे आउटडोर खेल क्षेत्र के रूप में विकसित करने को कहा।
निगमायुक्त ने कहा कि पालन घर केवल बच्चों की देखभाल का स्थान नहीं, बल्कि उनके संस्कार और सीखने की पहली पाठशाला है। यहां बच्चों को घर जैसा सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक वातावरण मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में संचालित जोन कार्यालय और अतिक्रमण कार्यालय का भी जायजा लिया तथा अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।







