
कटनी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गर्मी और उमस से राहत देने के लिए रेलवे ने नई सुविधा शुरू की है। स्टेशन परिसर में अत्याधुनिक HVLS यानी हाई वॉल्यूम लो स्पीड पंखे लगाए गए हैं। इनसे प्लेटफॉर्म के बड़े हिस्से में बेहतर हवा का प्रवाह मिलेगा और यात्रियों को राहत मिलेगी। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा कटनी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में यह पहल की गई है। विशाल आकार के ब्लेड वाले HVLS पंखे कम गति पर चलते हुए बड़े क्षेत्र में हवा का प्रभावी संचार करते हैं।रेलवे के मुताबिक, ये पंखे ऊर्जा-कुशल होने के साथ शांत संचालन के लिए भी उपयोगी हैं। इससे यात्रियों को बेहतर वायु प्रवाह मिलेगा और स्टेशन पर होने वाली आवश्यक उद्घोषणाएं भी स्पष्ट रूप से सुनी जा सकेंगी।
महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल के निर्देशों के तहत यह कार्य प्राथमिकता से पूरा किया गया। जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता वीरेंद्र कुमावत, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता और मंडल विद्युत अभियंता जे.एस. पाल के समन्वय से पंखों की स्थापना का कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। रेलवे का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार यात्री हितैषी कार्य किए जा रहे हैं। कटनी स्टेशन पर HVLS पंखों की स्थापना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







