
कटनी के आशा किरण बाल गृह में शनिवार का दिन बच्चों के लिए खास रहा। कलेक्टर आशीष तिवारी बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीयता से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना। किसी ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का सपना बताया, तो किसी ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई।
कलेक्टर ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया आशा किरण बाल गृह में जब कलेक्टर आशीष तिवारी बच्चों के बीच पहुंचे, तो बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। कलेक्टर ने बच्चों के साथ बैठकर सहजता से बातचीत की और उनकी पढ़ाई, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे।
बच्चों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने नमन साहू से उसकी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। नमन ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है। उसने बताया कि उसे कोडिंग में रुचि है और तकनीक की दुनिया को समझने के लिए वह लगातार प्रयास कर रहा है। नमन की बात सुनकर कलेक्टर ने उसकी रुचि की सराहना की और लक्ष्य हासिल करने के लिए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया वहीं पवन साहू ने अपने भविष्य का सपना साझा करते हुए बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहता है। बच्चों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों के बारे में बताते देख कलेक्टर ने उन्हें मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य चाहे कितना भी बड़ा हो, उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने बाल गृह में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कंप्यूटर लैब पहुंचकर बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद विश्राम कक्ष का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को देखा।
कलेक्टर ने बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सकारात्मक एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बाल गृह परिसर में अमरूद का पौधा भी लगाया।








