
कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन से लापता हुई 19 वर्षीय युवती को जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंजबासौदा क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर लिया। युवती अपने परिवार के साथ धान और सोयाबीन की कटाई के लिए निकली थी, लेकिन मुड़वारा स्टेशन से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की और करीब 17 किलोमीटर दूर एक खेत से युवती को दस्तयाब किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने युवती के मोबाइल को ट्रैक कराया। मोबाइल की लोकेशन गंजबासौदा क्षेत्र में मिलने के बाद पुलिस टीम परिजनों के साथ वहां पहुंची। जीआरपी में पदस्थ प्रधान आरक्षक 263 रघुराज सिंह ने युवती की तलाश में करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर खोजबीन की।
पुलिस के मुताबिक, गंजबासौदा रेलवे स्टेशन से करीब 17 किलोमीटर दूर पवई क्षेत्र के एक खेत में कविता सोयाबीन की कटाई करते हुए मिली। जीआरपी टीम ने युवती को सकुशल दस्तयाब कर कटनी थाने पहुंचाया।
पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह उमरिया जिले के माधवन कोठार निवासी रवि कोल के साथ गई थी और दोनों ने शादी कर ली है। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग हैं। इसके बाद जीआरपी ने दोनों परिवारों को समझाइश दी और परिवारों की सहमति बनने पर दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस पूरी कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी, प्रधान आरक्षक 263 रघुराज सिंह और जीआरपी थाने में पदस्थ महिला आरक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गुमशुदा युवती को सकुशल तलाश कर परिजनों तक पहुंचाया गया।







