
कटनी।जबलपुर पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सोमवार, 21 सितंबर 2026 को सागर की सांसद श्रीमती लता वानखेड़े से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सागर और आसपास के क्षेत्रों में रेल विकास, यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास तथा रेल कनेक्टिविटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार और रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने से संबंधित सुझाव एवं मांगें महाप्रबंधक के समक्ष रखीं।
महाप्रबंधक ने सांसद द्वारा रखे गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत विषयों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक एवं संभावित कार्यवाही की जाएगी।
इसके बाद सांसद और महाप्रबंधक ने सागर रेलवे स्टेशन तथा कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड पर चल रहे अनुरक्षण एवं अधोसंरचना कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। सागर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, परिचालन और संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
वहीं, सागर–नारियावली के बीच स्थित आरओबी की संरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए इसके बाद दमोह रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
वहीं कटनी मुड़वारा–सागर रेलखंड के स्पेशल निरीक्षण यान से रियर विंडो निरीक्षण के दौरान रेल पथ, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, ओएचई और अन्य संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया निरीक्षण के दौरान पश्चिम मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण, मुख्य ब्रिज इंजीनियर और मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








