
कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संदिग्ध POS सिम विक्रयकर्ता एजेंटों और धारकों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन FAST-2.0 (Forged Activated SIM Termination) के तहत कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुठला थाना पुलिस ने आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का दुरुपयोग कर बिना जानकारी के सिम जारी कराने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की मामले की शुरुआत ग्राम डिठवारा निवासी ओम कोल की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने आधार कार्ड से केवल एक मोबाइल सिम ली थी, लेकिन वर्ष 2024 में सागर बर्मन ने एयरटेल पेमेंट बैंक खाता खुलवाने के नाम पर उसके आधार कार्ड की प्रति और फिंगरप्रिंट लिए और उसकी जानकारी के बिना उसके नाम से दूसरी सिम जारी करा ली। बाद में इस सिम का कथित तौर पर ठगी में दुरुपयोग किया गया।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सागर बर्मन के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस, 66(सी) आईटी एक्ट तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों और POS एजेंट द्वारा जारी सिम कार्डों की जानकारी खंगाली। पूछताछ में सागर बर्मन ने अपने साथी राहुल कुशवाहा के साथ मिलकर लोगों की जानकारी के बिना उनके नाम से सिम जारी कर अन्य व्यक्ति को बेचने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी सागर बर्मन को ग्राम सहसपुरा से गिरफ्तार किया और उसके मेमोरेंडम के आधार पर POS मशीन भी जब्त की। इसके बाद उसके साथी राहुल कुशवाहा को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आए एक अन्य आरोपी रामजी साहू, निवासी मेहंदवानी, जिला डिंडोरी, को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, POS मशीन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी तरीके से जारी की गई अन्य सिम और उनके संभावित दुरुपयोग के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, केशव मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय तथा आरक्षक अजय यादव, विवेक शुक्ला, बुद्धू कुमार और मनोज राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







