
जबलपुर। पितृपक्ष में गया जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने रानी कमलापति–गया और जबलपुर–गया के बीच पितृपक्ष स्पेशल ट्रेनों की कुल 12 सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है।
इन ट्रेनों में वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। रानी कमलापति से गया के बीच ट्रेन नंबर 01661 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर गया पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 01662 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को गया से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी।
वहीं जबलपुर–गया पितृपक्ष स्पेशल ट्रेन नंबर 01701 29 सितंबर, 4 अक्टूबर और 9 अक्टूबर को रात 9 बजकर 25 मिनट पर जबलपुर से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर गया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 01702 28 सितंबर, 3 अक्टूबर और 8 अक्टूबर को गया से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर जबलपुर पहुंचेगी। खास बात यह है कि इन ट्रेनों का कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज छिवकी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। रेल प्रशासन के इस निर्णय से पितृपक्ष के दौरान गया जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के विस्तृत समय और ठहराव की जानकारी के लिए एनटीईएस ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी जरूर देख लें।






