
कटनी। रेलवे स्टेशन एवं रेलवे परिक्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 1 लाख 62 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रेलवे क्षेत्र में चोरी की वारदातों की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देश पर थाना प्रभारी उनि अनिल मरावी ने विशेष टीम गठित की थी। इसी दौरान मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि विनोद यादव, विनोद कुशवाहा और राघवेन्द्र उर्फ हीरा चोरी का सामान बेचने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग मामलों से संबंधित एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने का लॉकेट, छोटी चांदी की पायल, चांदी की चैन, चांदी की बिछिया, करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चैन और अलग-अलग मामलों की नकदी बरामद की। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक बरामदगी विभिन्न अपराध क्रमांकों से जुड़े मामलों में की गई है, जिनमें धारा 304(2) और 305(सी) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज प्रकरण शामिल हैं। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जिला न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में जीआरपी कटनी थाना प्रभारी उनि अनिल मरावी सहित जीआरपी मैहर प्रभारी सउनि संजय मांझी, सउनि शेव सिंह परस्ते, पुलिसकर्मियों तथा आरपीएफ मैहर प्रभारी एसपी सिंह और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








