
कटनी शहर में अमृत योजना के तहत चल रहे सीवर और जलप्रदाय कार्यों को लेकर अब नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। महापौर श्रीमती प्रीत संजीव सूरी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आइए जानते हैं पूरी खबर।
कटनी नगर निगम में आयोजित अमृत योजना एवं जलप्रदाय विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर श्रीमती प्रीत संजीव सूरी ने सीवर, जलप्रदाय और अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में नेटवर्क मैप के माध्यम से शहर के उन क्षेत्रों की समीक्षा की गई, जहाँ सीवर लाइन का कार्य पूरा हो चुका है और जहाँ काम अभी जारी है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए और हर काम तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार समय पर पूरा किया जाए।
बरसात के मौसम को देखते हुए महापौर ने सभी सीवर कार्य स्थलों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि श्रमिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे।इसके साथ ही जय हिंद चौक और कटनी साउथ स्टेशन रोड पर सीवर कार्यों के कारण बने गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर ने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहाँ सड़कों का रेस्टोरेशन और मोटरेबल कार्य बिना देरी के पूरा किया जाए। साथ ही शेष सीवर कार्यों को गति देने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए बैठक में एसटीपी, डब्ल्यूटीपी, पाइपलाइन विस्तार और सिटी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की प्रगति की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि जलप्रदाय से जुड़े सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ, ताकि शहरवासियों को भविष्य में बेहतर और निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिल सके।बैठक के अंत में महापौर प्रीत संजीव सूरी ने कहा कि अमृत योजना का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग करने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पीडीएमसी प्रतिनिधि विशाल सैनी, सौरभ महेश्वरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








