“ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर में निखर रही बच्चों की प्रतिभा, खेल-कला और संस्कृति से मिल रही नई उड़ान”

कटनी। कटनी नगर पालिक निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर-2026 बच्चों की प्रतिभाओं को नई पहचान देने का माध्यम बनता जा रहा है। शिविर के पहले और दूसरे दिन विद्यार्थियों का उत्साह, ऊर्जा और सीखने की ललक देखने लायक रही। खेल, कला, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी रुचियों और क्षमताओं को निखारने का अवसर मिल रहा है।

नगर निगम के साधुराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और ए. रवीन्द्रनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। विद्यालय परिसर खेल गतिविधियों, कला प्रशिक्षण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत नजर आ रहे हैं।

शिविर में स्केटिंग, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, टेबल टेनिस और आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, कुकिंग और शतरंज के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक क्षमता को विकसित किया जा रहा है। सांस्कृतिक प्रशिक्षण के अंतर्गत कत्थक, वेस्टर्न डांस और शास्त्रीय संगीत की कक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। शिविर की खास बात यह है कि विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी प्रशिक्षक विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चे नई-नई विधाओं को सीख रहे हैं और अपने कौशल को बेहतर बना रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती दिखाई दे रही है। बच्चे टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल जैसे महत्वपूर्ण गुणों को भी सीख रहे हैं, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होंगे नगर निगम प्रशासन का कहना है कि ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच प्रदान करना है। ऐसे शिविर बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

कटनी में आयोजित यह ग्रीष्मकालीन प्रतिभा शिविर बच्चों के लिए सीखने, निखरने और अपनी प्रतिभा को नई उड़ान देने का एक सुनहरा अवसर बनकर सामने आया है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING