
कटनी (म.प्र.) विकासखंड कटनी के ग्राम करहिया में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जल शक्ति से नव भक्ति – सुरक्षित जल, समृद्ध कल के संदेश के साथ ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति करहिया, नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसायटी तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता रामानुज पांडेय के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कलश यात्रा और रैली से जागरूकता का संचार
कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण कलश यात्रा और जागरूकता रैली से हुई, जिसमें ग्राम की महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करती हुई खेर माई मंदिर में जाकर संपन्न हुई रैली के दौरान “जल बचाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है” जैसे नारों से पूरा वातावरण जल संरक्षण के संदेश से गूंज उठा।
भजनों और संवाद के माध्यम से जनजागरण
रैली के समापन के बाद मंदिर परिसर में ग्रामवासियों द्वारा देवी भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात परामर्शदाता रामानुज पांडेय ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रथम चरण में 27 मार्च तक आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी को अधिक से अधिक वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
संगठन की सक्रिय भूमिका
इस आयोजन की सफलता में प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष कृष्ण रजक और सचिव दुर्गेश नामदेव का विशेष योगदान रहा। उन्होंने ग्रामवासियों के सहयोग से कलश सजावट, रैली की तैयारी और जनसंपर्क जैसे सभी कार्यों को सुचारू रूप से पूरा किया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी गणपत कोल सहित समिति के सदस्य रोहित सिंह, लक्की सिंह, रामचरन चौधरी, सुभद्रा बाई, मीना बाई, बेबी बाई और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







