
जबलपुर, 06 फरवरी।जबलपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेलवे परिसरों को साफ-सुथरा बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडल क्षेत्र के अंतर्गत सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है।
स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 की अवधि के दौरान जबलपुर रेल मंडल में कुल 7,285 मामलों में कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को ₹14 लाख 58 हजार 345 से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।
वहीं केवल जनवरी माह में ही ट्रेनों एवं स्टेशनों पर गंदगी फैलाने वाले 552 यात्रियों को पकड़ा गया, जिन पर आर्थिक दंड लगाया गया। इस कार्रवाई से रेलवे को ₹1 लाख 10 हजार से अधिक का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों और ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा “स्वच्छ रेल – स्वच्छ भारत” अभियान को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।






