
कटनी।जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला टास्क फोर्स की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के पालन में खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस अमले की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पिपरिया शुक्ल में कछरी भूमि पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन करते हुए एक वाहन को पकड़ा गया। मौके पर की गई कार्रवाई के बाद वाहन को तहसीलदार के सहयोग से थाना उमरियापान परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।वहीं, शुक्रवार की देर शाम प्राप्त सूचना के आधार पर बरही तहसील के ग्राम ताली रूहानिया में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को बिना ई-टीपी (ई-ट्रांजिट पास) के रेत परिवहन करते हुए जब्त किया गया। जब्त वाहन को पुलिस थाना बरही में खड़ा कराया गया है।दोनों मामलों में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के प्रकरण विधिवत पंजीबद्ध किए गए हैं। नियमानुसार आगे की जुर्माना एवं दंडात्मक कार्रवाई हेतु प्रकरणों को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गठित टास्क फोर्स की संयुक्त कार्यवाहियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी, और अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार ढीमरखेड़ा आकांक्षा चौरसिया, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते, सिपाही ज्ञानेंद्र सिंह एवं थाना प्रभारी बरही अरविंद चौबे की भूमिका सराहनीय रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






