
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है।
जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने बताया कि चल रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी टीम ने वृत्त बहोरीबंद अन्तर्गत ग्राम निटर्रा, करहिया, बिलहरी और मतवारी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 15 पाव देशी मदिरा, 2 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 195 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 30,600 रुपये आंकी गई है। विभाग ने म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 के तहत चार प्रकरण दर्ज किए हैं।
हाईवे किनारे ढाबों में सघन जांच, एक प्रकरण दर्ज
आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने बताया कि टीम द्वारा पिपरौध, तेवरी और स्लीमनाबाद नेशनल हाईवे किनारे स्थित ढाबों में भी सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक प्रकरण दर्ज किया गया।
ढाबा संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई कि विशेषकर रात के समय किसी भी प्रकार का अवैध मदिरा सेवन या बिक्री जैसी गतिविधि पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब भी जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई में आबकारी वृत बहोरीबंद प्रभारी, उपनिरीक्षक केशव उइके, वृत स्लीमनाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक अतुल कुटार सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।
जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर विभाग की टीम लगातार निगरानी रख रही है। सभी वृत प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।






