
कटनी। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत पचमढ़ी में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में कटनी जिले के दोनों कांग्रेस अध्यक्षों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर राहुल गांधी ने प्रदेशभर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की तथा संगठन की मजबूती के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कटनी जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने बताया कि शिविर में राहुल गांधी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की नीतियों, संगठन विस्तार और सामाजिक सरोकारों पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से सौजन्य भेंट की और उनके साथ भोजन भी ग्रहण किया। उनकी सहजता और सरलता ने प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं को गहराई से प्रभावित किया। शिविर के बाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और स्फूर्ति का संचार हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक सुनील मिश्रा ने कहा कि “राहुल गांधी ने पचमढ़ी में जिला अध्यक्षों के साथ एक पारिवारिक रिश्ता जोड़ा है। अब यह हर कांग्रेसजन की जिम्मेदारी है कि वह अपने स्तर पर इसी आत्मीयता से संगठन को मजबूत करे। पार्टी की सफलता और जनता की सेवा इसी संबंध की मजबूती पर निर्भर करेगी।
उन्होंने कहा कि पचमढ़ी से निकला यह सूत्र अब कांग्रेस संगठन को नई दिशा और एकता का संदेश देगा।







