
कटनी। छत्तीसगढ़ के रायपुर में अमित बघेल द्वारा भगवान झूलेलाल और महाराजा अग्रसेन जी के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सोमवार को सिंधी समाज ने एकजुट होकर अपना रोष प्रकट किया। समाजजनों ने प्रातः 11 बजे दिलबहार चौक से मिशन चौक तक विशाल मौन जुलूस निकालते हुए आस्था के अपमान पर कड़ा विरोध जताया।
नगर निगम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने पार्षद साथियों के साथ इस मौन जुलूस में शामिल होकर समाज के साथ एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि “समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल के संबंध में की गई अमर्यादित टिप्पणी से न केवल सिंधी समाज, बल्कि पूरे समाज की धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं।”
महापौर ने रायपुर निवासी आरोपी अमित बघेल की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि “ऐसे कृत्य न केवल धार्मिक आस्था का अपमान हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं।”
इस दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, गोविंद चावला, डॉ. रमेश सोनी, पार्षद श्याम पंजवानी, सचिन बहरे, पूर्व पार्षद राजू माखीजा, ऋचा गिलानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।






