
कटनी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण को लेकर मंगलवार को जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ए ग्रेड प्राप्त किया है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन और कुशल मार्गदर्शन में नगर निगम ने 93.38 वेटेज स्कोर के साथ कुल 816 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण कर सातवां स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर निगमायुक्त सुश्री परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि आगामी माह में और अधिक लगन और मेहनत से कार्य करते हुए निगम को उच्चतम रैंक पर पहुंचाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा प्रत्येक माह सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के आधार पर ग्रेडिंग जारी की जाती है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा लंबित शिकायतों की सतत मॉनिटरिंग की गई, जिसके परिणामस्वरूप सितंबर माह में प्राप्त 816 शिकायतों में से 55.15 फीसदी का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया, और कुल 93.38 फीसदी वेटेज स्कोर के साथ नगर निगम कटनी प्रदेश के शीर्ष सात निगमों में शामिल हुआ है।






