
कटनी।नगर निगम कटनी द्वारा शहर की शिक्षा धरोहर को संवारने के उद्देश्य से साधूराम स्कूल में 23 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकास कार्यों का भूमिपूजन कर आधारशिला रखी।
इस अवसर पर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, एड. सुरेंद्र गुप्ता, जय नारायण निषाद, बीना संजू बनर्जी, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद एड. मौसूफ बिट्टू, उमेंद्र अहिरवार, शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, विजय डब्बू रजक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा नगर की मूलभूत सुविधाओं के साथ ही शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि साधूराम स्कूल में लगभग ₹23.23 लाख की लागत से शेड निर्माण, कक्षों की रंगाई-पुताई, मरम्मत कार्य, गेट एवं सीसी पहुंच मार्ग जैसे विकास कार्य कराए जाएंगे।
शाला परिसर का निरीक्षण एवं निर्देश
भूमिपूजन से पूर्व महापौर सूरी ने जनप्रतिनिधियों एवं शाला स्टाफ के साथ विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल के पीछे स्थित 11 कक्षों में चल रहे पुट्टी-पुताई एवं मरम्मत कार्य का जायजा लेकर कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित दल ने सरावगी कॉलेज कार्यालय के पास पुराने अर्धनिर्मित निर्माण कार्य की भी समीक्षा की तथा क्षेत्रीय उपयंत्री को स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
महापौर ने शाला स्टाफ की मांगों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए टॉयलेट निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराने और कुर्सी, टेबल एवं कंप्यूटर की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शाला प्राचार्य सुमनलता सोलंकी, नमिता दुबे, शिवा मिश्रा, पद्मश्री पांडे, शैफाली गुप्ता, प्रतिभा तिवारी सहित बृजमोहन प्यासी मौजूद रहे।








