
कटनी, माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी पीरबाबा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक ऑटो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो झिंझरी चौकी क्षेत्र से होकर गुजर रहा था, तभी अचानक सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में ऑटो चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ऑटो सवार सभी लोग ऑटो के नीचे दब गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी को कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है।
घायलों में नारायण प्रसाद केवट (उम्र 45), निवासी खिरवा खुर्द, थाना बरही
रामसरोवर कोल (उम्र 48), निवासी परसवारा, थाना बरही
शिवलाल कुशवाहा (उम्र 50), निवासी आधारकाप, कटनी
एक अन्य साथी, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है
बताया गया कि सभी घायल न्यायालय के कार्य से कटनी आ रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।








