मध्य प्रदेश बीजेपी को मिला नया कप्तान: हेमन्त खंडेलवाल निर्विरोध चुने लिए गए प्रदेशाध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा होना बाकी

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा को नया नेतृत्व मिल गया है। बैतूल विधायक हेमन्त खंडेलवाल को सोमवार को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। खंडेलवाल का चयन लंबे संगठनात्मक अनुभव, मजबूत राजनीतिक पकड़ और सत्ता-संगठन के बीच संतुलन स्थापित करने की उनकी दक्षता के चलते तय माना जा रहा था।

राजनीति की नींव पिता से रखी

हेमन्त खंडेलवाल को राजनीति विरासत में मिली। उनके पिता विजय कुमार खंडेलवाल बीजेपी के कद्दावर नेता रहे और 1996 से 2004 तक लगातार चार बार बैतूल से सांसद चुने गए। बीकॉम और एलएलबी की पढ़ाई के बाद हेमन्त ने अपने पिता के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा।

लोकसभा से विधानसभा तक का सफर

पिता के निधन के बाद 2007 में हुए लोकसभा उपचुनाव में हेमन्त खंडेलवाल ने पहली बार सांसद बनकर संसदीय राजनीति में प्रवेश किया। 2008 के परिसीमन के बाद बैतूल सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हो जाने के कारण उन्हें संगठन में अहम भूमिका सौंपी गई।

2010 में उन्हें बैतूल बीजेपी का जिला अध्यक्ष बनाया गया और 2013 में उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। शिवराज सरकार में उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं, जिन्हें उन्होंने कुशलता से निभाया।

संगठन से गहरा जुड़ाव

हेमन्त खंडेलवाल भाजपा की कुशाभाऊ ठाकरे भवन निर्माण समिति के प्रमुख रहे। उनके निर्देशन में प्रदेश के कई जिलों में भव्य भाजपा कार्यालय तैयार हुए। हालांकि 2018 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वे संगठन से जुड़े रहे।

2023 में धमाकेदार वापसी

2023 विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के निलय डागा को बड़े अंतर से हराकर फिर से विधानसभा की दहलीज पर वापसी की। खंडेलवाल देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और भोपाल से लेकर दिल्ली तक अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ चुके हैं।

संघ और संगठन का भरोसा बना ताकत

हेमन्त खंडेलवाल संघ से भी अच्छे संबंध रखते हैं, जिसकी बदौलत वे शीर्ष नेतृत्व की पसंद बने। उनके निर्विरोध निर्वाचन को पार्टी के भीतर एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जो संगठन की एकजुटता और स्पष्ट नेतृत्व को दर्शाता है।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING