कटनी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को माधवनगर क्षेत्र स्थित मान सरोवर कॉलोनी के तालाब परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पौधे लगाकर बच्चों को पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा, “वृक्ष न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित करने और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव में भी अहम भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना और समाज में हरित क्रांति की चेतना फैलाना था। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से पौधों की देखभाल का संकल्प भी दिलवाया।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम ने सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।









