



कटनी। शासकीय प्राथमिक शाला, पुरानी बस्ती खिरहनी के शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह का एक आपत्तिजनक वीडियो शुक्रवार को वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। वीडियो में शिक्षक को विद्यालय के बच्चों के साथ बैठकर शराब सेवन करते और बच्चों को भी शराब पीने के लिए प्रेरित करते हुए देखा गया। मामला कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के संज्ञान में आते ही गंभीरता से लिया गया और तत्काल जांच के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) पी.पी. सिंह को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए जिले के सभी 6 विकासखंडों में वीडियो भेजकर आरोपी शिक्षक की पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया।
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहे शिक्षक संकुल केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक बरही के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला, पुरानी बस्ती खिरहनी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक लाल नवीन प्रताप सिंह हैं।
पहचान की पुष्टि होते ही, शुक्रवार 18 अप्रैल को डीईओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लाल नवीन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। आदेश में उल्लेखित किया गया कि “बच्चों को शराब सेवन कराना एवं इसके लिए प्रेरित करना अत्यंत गंभीर, घोर लापरवाही का मामला है, जो न केवल शिक्षकीय पद की गरिमा को ठेस पहुँचाता है, बल्कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों का भी स्पष्ट उल्लंघन है। यह कृत्य स्पष्ट रूप से कदाचार की श्रेणी में आता है।”
निलंबन की अवधि में लाल नवीन सिंह का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बड़वारा नियत किया गया है, और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता दी जाएगी।