“वीरासन देवी मंदिर में पुलिस की चौकसी, SP ने दिए सख्त निर्देश मां के दरबार में पहुंचे कटनी SP, दर्शन के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा”

कटनी। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर कटनी पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा मां वीरासन देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दरअसल, ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिलौड़ी चौकी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता, मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर प्रबंधन समितियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। उन्होंने कहा कि माता के दरबार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे श्रद्धा और आस्था के साथ दर्शन कर सकें।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि पर्व के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इसके साथ ही मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

चौकी सिलौड़ी का भी किया निरीक्षण

मां वीरासन देवी मंदिर में दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने चौकी सिलौड़ी का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा महिमा रघुवंशी, चौकी प्रभारी सिलौड़ी अनिल पांडेय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING