“होटल संचालक पर फायरिंग, मुख्य आरोपी समेत 4 गिरफ्तार | कट्टा और दो बाइक जब्त”

कटनी, मध्य प्रदेश। कटनी के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल में होटल संचालक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा और दो मोटरसाइकिलें, पल्सर एवं अपाचे, जब्त की हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है। इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल के संचालक प्रेमशंकर राय होटल के कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंचा बताया गया कि जब होटल संचालक ने कमरा देने से इनकार किया, तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुनील यादव ने गाली-गलौज करते हुए कट्टा निकाला और होटल संचालक को निशाना बनाकर गोली चला दीगनीमत रही कि होटल संचालक के झुक जाने के कारण गोली उनके बगल से निकल गई और वे इसकी चपेट में आने से बच गए। इसके बाद आरोपियों द्वारा होटल संचालक के साथ झूमाझटकी और मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम को अमानगंज, जिला पन्ना सहित संभावित ठिकानों पर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, लगातार की गई कार्रवाई के बाद घटना के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सुनील यादव, पिता प्रताप सिंह यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली पन्ना, हाल निवासी इंद्रानगर गली नंबर 9, कटनी शामिल है।इसके अलावा पवन यादव, पिता प्रहलाद यादव, उम्र 18 वर्ष 1 माह, निवासी ग्राम गनियारी, थाना सेमरिया, जिला पन्ना; जयपाल उर्फ मुन्ना यादव, पिता गिरधर यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना; और ब्रजेश यादव, पिता प्रताप सिंह यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना को गिरफ्तार किया गया है।

कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING