
जबलपुर।आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से समस्तीपुर जंक्शन के बीच साप्ताहिक एसी स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर और सतना सहित कई स्टेशनों से होकर गुजरेगी रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 01043 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 13 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को संचालित होगी। ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर रवाना होगी।
यह ट्रेन इटारसी रात 11 बजकर 56 मिनट, पिपरिया 12 बजकर 50 मिनट, नरसिंहपुर 1 बजकर 53 मिनट, मदन महल 3 बजकर 25 मिनट और कटनी सुबह 4 बजकर 40 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद मैहर और सतना होते हुए बुधवार रात 11 बजकर 45 मिनट पर समस्तीपुर जंक्शन पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01044 समस्तीपुर जंक्शन-लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन समस्तीपुर से सुबह 3 बजे रवाना होकर सतना, मैहर और कटनी होते हुए मदन महल रात 9 बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी इसके बाद नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी होते हुए शुक्रवार दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच रहेंगे, जिनमें 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 18 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 जनरेटर कार शामिल हैं।दोनों दिशाओं में ट्रेन ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ट्रेन के ठहराव और समय-सारणी की विस्तृत जानकारी यात्री रेलवे स्टेशन, NTES, रेल मदद 139 या रेलवे की ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।






