
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स ने बड़वारा तहसील के चिह्नित रेत घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदवाकर अवरुद्ध कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे वाहनों की आवाजाही रोकना है।
पांच चिह्नित रेत घाटों के मार्ग किए गए बंद
अवैध रेत उत्खनन की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़वारा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भुड़सा संगम घाट, नौवा घाट, विलायतखुर्द, देवरी और गुड़ाकला सहित अन्य चिह्नित रेत घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर कार्रवाई की गई।
जेसीबी मशीन की मदद से इन रास्तों को खुदवाकर बंद किया गया, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके और अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
अवैध खनन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अनधिकृत कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खनिज अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासनिक और पुलिस अमला रहा मौजूद
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के सहायक खनिज अधिकारी कमलकांत परस्ते एवं पवन कुशवाहा, बड़वारा तहसीलदार ऋषि गर्ग तथा थाना प्रभारी सुयश पांडे सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







