
कटनी पुलिस ने “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास एक इलेक्ट्रिक ऑटो से 72 लीटर अवैध गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि शराब सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-5 स्थित लाल ग्राउंड के पास घेराबंदी की जांच के दौरान आसमानी रंग की इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक MP-21-ZD-0961 से 8 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
कार्टूनों में 180 एमएल के कुल 400 पाव यानी करीब 72 लीटर शराब रखी हुई थी बरामद शराब की अनुमानित कीमत 56 हजार रुपये बताई गई है, जबकि जब्त ऑटो की कीमत करीब 1 लाख रुपये है ऑटो चालक ने अपना नाम आदित्य उर्फ प्रियांशु गुप्ता निवासी रंगनाथनगर बताया। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि शराब उसके परिचित लकी गुप्ता ने परिवहन के लिए ऑटो में रखवाई थी। पुलिस ने लकी गुप्ता को भी इस मामले में आरोपी बनाया है और उसकी तलाश तेज कर दी है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।






