
कटनी।कटनी रेलवे स्टेशन उस समय उत्साह और उल्लास से सराबोर हो गया जब वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (WCMS) के नव नियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। जबलपुर से कटनी पहुंचे मंडल अध्यक्ष संतोष यादव और मंडल सचिव एस.एन. शुक्ला का रेलवे कर्मचारियों एवं संघ कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व पर विश्वास जताया। कर्मचारियों ने उम्मीद व्यक्त की कि संतोष यादव के कुशल नेतृत्व और एस.एन. शुक्ला के अनुभव से संगठन को नई दिशा और नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी।
संघ कार्यकर्ताओं ने कहा कि दोनों पदाधिकारी रेल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और भविष्य के कल्याण के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती और कर्मचारी हितों के संरक्षण के संकल्प को दोहराया।








