
| News Voice of India | Katni News
कटनी। नगर निगम सीमा क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर भवनों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्यों की कार्ययोजना तैयार की गई।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों की छतों से होने वाले संभावित रिसाव, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा, शौचालयों की स्थिति तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी अधिकारियों द्वारा दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
निरीक्षण कार्य में निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, उपयंत्री मोना करेरा सहित तकनीकी टीम शामिल रही। अधिकारियों ने विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ चर्चा कर आवश्यक सुधार कार्यों की सूची तैयार की और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू की।
संयुक्त निरीक्षण दल ने शासकीय प्राथमिक शाला कैरेन लाइन, रॉबर्ट लाइन, शासकीय माध्यमिक शाला खैबर लाइन, पड़रवारा, टिकरिया, मंगल नगर, छपरवाह, बिलगवां, अमकुही, कुठला, आधारकाप, नदीपार, पहरुआ और एनकेजे सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान भवनों की संरचनात्मक स्थिति, कक्षाओं की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण किया गया।
निगम प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चिन्हित सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराकर विद्यालयों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।







