
कटनी।मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत कटनी जिले के सेक्टर क्रमांक 03 कन्हवारा के आदर्श ग्राम मड़ई में जल संरक्षण को लेकर विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जुड़र नाला के समीप तालाब विस्तारीकरण कार्य में ग्रामीणों और नवांकुर संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल बचाने का संदेश दिया।
जिला समन्वयक डॉ. तेजसिंह केसवाल के निर्देशानुसार एवं विकासखंड समन्वयक श्री बालमुकुंद मिश्रा के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी द्वारा यह श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम की महिलाओं के साथ संगोष्ठी आयोजित कर की गई, जिसमें उन्हें अपने घरों में सोखता गड्ढे बनवाने और वर्षा जल को जमीन के अंदर पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को प्राकृतिक जल स्त्रोतों जैसे कुआं, तालाब और नदियों की साफ-सफाई एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। तालाब विस्तारीकरण के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी, सचिव माया गुप्ता, रीतू बर्मन, रिया गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार चौधरी, सेक्टर प्रभारी गनपत लाल कोल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
जल संरक्षण और जनभागीदारी के इस प्रयास ने गांव में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। प्रशासन और ग्रामीणों की सहभागिता से जल गंगा संवर्धन अभियान लगातार गति पकड़ता नजर आ रहा है।








