राम मंदिर दान राशि मामले में CBI जांच की मांग | महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन | Katni News

कटनी। अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान एवं चढ़ावे की राशि से जुड़ी कथित अनियमितताओं और चोरी के मामले को लेकर कटनी में महिला कांग्रेस ने आवाज बुलंद की है। महिला कांग्रेस मध्यप्रदेश की प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया के नेतृत्व में महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कटनी सिटी सीएसपी से मुलाकात कर प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, सीबीआई निदेशक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशकों के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में महिला कांग्रेस ने मांग की है कि अयोध्या श्री राम मंदिर में दान राशि से जुड़े कथित घोटाले और चोरी के मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच केंद्रीय एजेंसी सीबीआई से कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है।

महिला कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान में मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और कई लोगों के विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं, लेकिन अब तक कथित तौर पर पूरे मामले के मास्टरमाइंड तक जांच नहीं पहुंच सकी है। संगठन ने आरोप लगाया कि मामले के प्रमुख जिम्मेदार व्यक्तियों तक कार्रवाई नहीं पहुंचने से लोगों के मन में सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मंदिर के दान-पात्रों, वित्तीय अभिलेखों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंदिर के वित्तीय प्रबंधन और दान राशि के उपयोग में अधिक पारदर्शिता लाने के लिए आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाए जाएं तथा संस्था को सूचना के अधिकार (RTI) के दायरे में लाया जाए।

प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं है, बल्कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाना और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि देशभर में महिला कांग्रेस इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रही है ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास की रक्षा हो सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान महिला कांग्रेस की मीनाक्षी वल्लवी, हेमा शर्मा, माया चौधरी, नीरा सोनी, मनीषा सिंह एवं सौम्या परमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING