
कटनी। बैंकों के बाहर रेकी कर लाखों रुपये की चोरी और झपटमारी करने वाले एक बेहद शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का कटनी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के करीब 15 से अधिक जिलों में सक्रिय इस गिरोह के दो मुख्य मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर पुलिस ने कई सनसनीखेज वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित और प्रोफेशनल तरीके से अपराध को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य बैंक के अंदर ग्राहक बनकर प्रवेश करता था और बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की पहचान करता था। वहीं अन्य सदस्य बैंक के बाहर मोटरसाइकिल लेकर तैयार रहते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति नकदी लेकर बाहर निकलता, आरोपी उसका पीछा शुरू कर देते थे। मौका मिलते ही आरोपी या तो बैग झपट लेते थे या फिर वाहन की डिग्गी का लॉक तोड़कर अथवा कार का शीशा फोड़कर चंद सेकंड में नकदी लेकर फरार हो जाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से निकल जाते थे, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करने में कठिनाई होती थी।
इस पूरे मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को हुई थी, जब थाना उमरियापान क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक से सेल्समैन रघुवीर सिंह बागरी का 50 हजार रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष संयुक्त टीम गठित की गई, जिसमें माधवनगर, उमरियापान, एनकेजे और रंगनाथ नगर थाना पुलिस के साथ साइबर एवं सीसीटीवी सेल को शामिल किया गया। टीम ने बैंक और आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर और संजय सिसोदिया को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी अनूपपुर जिले के निवासी हैं और लंबे समय से पेशेवर अपराधी के रूप में सक्रिय थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इनके खिलाफ विभिन्न जिलों में 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी संजय सिसोदिया एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार भी चल रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
उन्होंने बताया कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्होंने कटनी, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, डिंडोरी, उमरिया, देवास, शहडोल, पन्ना, खंडवा, इटारसी सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों में वारदातों को अंजाम दिया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़, जशपुर, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्रों में भी लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। वहीं उड़ीसा के संभलपुर में भी लगातार दो दिनों तक चोरी की वारदातें करने की बात आरोपियों ने स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अब तक 40 लाख रुपये से अधिक की करीब 26 वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बची हुई नकदी और वारदात में उपयोग की जाने वाली यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और विभिन्न राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। पुलिस का मानना है कि आगे की पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
कटनी पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। साथ ही पुलिस ने बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों से सतर्क रहने और नकदी लेकर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की है।







