
जबलपुर/जबलपुर रेल मंडल में रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना विकास को लेकर शनिवार को बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया गया। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक ने विशेष निरीक्षण यान ‘परख’ से जबलपुर से भिटौनी तक पूरे रेलखंड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग, ओएचई सिस्टम, माल यातायात और निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
महाप्रबंधक का निरीक्षण यान सबसे पहले जबलपुर स्टेशन से रवाना होकर गढ़ा गुड्स शेड पहुंचा, जहां माल परिवहन व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली गई। इसके बाद कछपुरा मालगोदाम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को परिचालन सुधार के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कछपुरा-भेड़ाघाट-भिटौनी रेलखंड के बीच रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और ओवरहेड इक्विपमेंट यानी OHE व्यवस्थाओं की तकनीकी जांच की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सुरक्षित और निर्बाध रहना चाहिए।
भिटौनी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए संरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। वहीं लौटते समय मदनमहल स्टेशन पर चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरे करने और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
जीएम दिलीप यादव ने कहा “यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों का समय पालन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास परियोजनाओं की गति तेज की जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक सहित रेलवे मुख्यालय और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।









