
जबलपुर। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत आरपीएफ जबलपुर मंडल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक अंतर्राज्यीय शातिर आदतन अपराधी को साहस और सतर्कता के साथ गिरफ्तार किया, जिसने पकड़ से बचने के लिए तालाब में छलांग तक लगा दी।
तालाब में कूदकर भागने की कोशिश नाकाम
06 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 04:50 बजे सिहोरा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने ट्रेन नंबर 11753 से उतरकर संदिग्ध हालत में भाग रहे एक व्यक्ति को देखा। शक होने पर टीम ने पीछा किया, तो आरोपी पास के बाजार क्षेत्र के तालाब में कूद गया।
आरपीएफ ने तुरंत स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की मदद ली और संयुक्त प्रयास से उसे बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने दोबारा भागने की कोशिश की, लेकिन आरपीएफ जवानों ने चोट लगने के बावजूद उसे काबू कर लिया।
महिला यात्री का पर्स चुराने की फिराक में था आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान हरविंदर सिंह (32), निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वह ट्रेन में महिला यात्री का पर्स चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी पकड़ा गया।
कई राज्यों में दर्ज हैं केस
ICJS जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। भोपाल, इटारसी, उज्जैन, इगतपुरी, पुणे, मुंबई और विशाखापट्टनम सहित कई स्थानों पर उसके खिलाफ केस चल रहे हैं और कई वारंट भी लंबित हैं।
चोरी का शातिर तरीका
आरोपी ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था, पहचान छिपाने के लिए कोई आईडी नहीं रखता और बार-बार सिम कार्ड बदलकर पुलिस से बचता था।
RPF टीम को मिला सम्मान
इस साहसिक कार्रवाई के लिए 09 अप्रैल 2026 को आरपीएफ टीम को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक राजीव खर्ब, उप निरीक्षक अरविंद, कांस्टेबल विनय मौर्य और आशीष यादव की अहम भूमिका रही।







