
कटनी में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया है। बड़वारा तहसील के कई नदी घाटों पर संयुक्त टीम ने दबिश देकर खनिज माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने की बड़ी कार्रवाई की है।

जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बुधवार को बड़वारा तहसील के विभिन्न नदी घाटों पर सघन अभियान चलाया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में खनिज, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बसाड़ी, भदौरा, सकरीगढ़ और सुड्डी सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी कार्रवाई के दौरान सामने आया कि अवैध खनन को आसान बनाने के लिए कई अस्थायी रास्ते बनाए गए थे। प्रशासन ने मौके पर ही जेसीबी मशीन की मदद से इन सभी अवैध रास्तों को ध्वस्त कर दिया, जिससे माफियाओं की गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जा सके।
इस दौरान अवैध परिवहन में लगे एक वाहन को भी जब्त किया गया और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






