
कटनी। जिला अधिवक्ता संघ, कटनी द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान करते हुए नवागंतुक अधिवक्ताओं का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में म.प्र. राज्य अधिवक्ता परिषद, जबलपुर के अध्यक्ष श्री राधेलाल गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश (फैमिली कोर्ट) श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा, न्यायाधीश भास्कर यादव, विशेष न्यायाधीश मित्तल साहब, बुंदेला साहब, गोपेश गर्ग, राजेश श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार नागेश शाह सहित अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का शॉल और पुष्पमाला से स्वागत किया गया। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया, जबकि नवागत अधिवक्ताओं को बैंड पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद भी दिया।
मुख्य अतिथि राधेलाल गुप्ता ने कहा, “वरिष्ठ अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की मजबूत नींव होते हैं। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है और ऐसे आयोजन मनोबल को सुदृढ़ करते हैं।”
प्रधान न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा,
“न्यायालय और अधिवक्ताओं के बीच समन्वय ही सच्चे न्याय की आधारशिला है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव न्याय प्रक्रिया को और प्रभावी बनाता है।”
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने कहा, “हमेशा वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान और मार्गदर्शन को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे आयोजन अधिवक्ता परिवार में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।”
कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें एड. अमित शुक्ला, नवीन शुक्ला, राजकुमार तिवारी, संतोष परोहा, मीत धवल, निर्मल दुबे, संदीप नायक सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।







