
कटनी।जिले में पेट्रोल और डीजल की किसी भी तरह की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। जिले में ईंधन की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में एसडीएम और खाद्य विभाग के अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल-डीजल के स्टॉक, आपूर्ति व्यवस्था और प्रति लीटर दरों की बारीकी से जांच की।
एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया ने श्याम फिलिंग स्टेशन, सोना पन्ना फिलिंग स्टेशन और सत्यसांई भारत गैस एजेंसी का निरीक्षण किया, जहां ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता मिली वहीं, एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी ने बस स्टैंड के पास स्थित प्रकाश फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण कर स्टॉक और दरों की जानकारी ली।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।







