“सीएम हेल्पलाइन में कटनी की बड़ी छलांग, प्रदेश में टॉप-10 में बनायी जगह” 

कटनी जिले ने आमजन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में कटनी ने टॉप-10 में जगह बनाकर प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है।

कटनी जिले ने सीएम हेल्पलाइन के प्रदर्शन के आधार पर जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में प्रथम समूह के 28 जिलों में आठवां स्थान हासिल किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के सतत अनुश्रवण और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते जिले को 81.66 कुल वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जिले में शिकायतों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का परिणाम मानी जा रही है। बीते फरवरी माह में प्राप्त 7,213 शिकायतों के निराकरण में कटनी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिकायतों के निराकरण में और अधिक संवेदनशीलता और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि जिले की रैंकिंग और बेहतर हो सके कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है, और शिकायतों का त्वरित समाधान ही आमजन का भरोसा मजबूत करता है।

जिले के अन्य विभागों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पुलिस विभाग ने 812 शिकायतों के निराकरण के साथ अपने समूह में 12वां स्थान हासिल कर ‘ए’ ग्रेड प्राप्त किया।

वहीं जिला पंचायत ने 9वां स्थान और 86.02 कुल वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड हासिल किया।
नगर निगम ने भी 589 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण करते हुए 91.11 वेटेज स्कोर के साथ 7वां स्थान प्राप्त किया और ‘ए’ ग्रेड में अपनी जगह बनाई।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING