“रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों का कब्जा? RPF की चुप्पी पर उठे सवाल” 

कटनी। मुख्य रेलवे स्टेशन सहित जिले के तीनों रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों अवैध वेंडरों का कुनबा तेजी से बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इसकी साफ तस्वीर सामने आई है, जहां बिना अनुमति के वेंडर खुलेआम प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सामान बेचते दिखाई दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन अवैध गतिविधियों पर अब तक किसी भी तरह की सख्त कार्यवाही सामने नहीं आई है। हालात ऐसे हैं कि मानो इन वेंडरों को रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF का मौन संरक्षण प्राप्त हो।
रेलवे के सख्त नियमों के अनुसार रेल लाइन क्रॉस करना दंडनीय अपराध है, इसके बावजूद ये वेंडर बेखौफ एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे पटरी पार करते नजर आते हैं। कई बार तो ट्रेन के आने-जाने के दौरान भी ये जोखिम भरा कदम उठाते हैं, जो न सिर्फ उनकी जान के लिए खतरा है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

इतना ही नहीं, ये वेंडर ट्रेनों में आउटर से ही चढ़ जाते हैं और अंदर जाकर बिना किसी रोक-टोक के अपना व्यापार करते हैं। इससे यात्रियों के बीच विवाद, झगड़े और चोरी जैसी घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है।
रेलवे स्टेशनों पर RPF जवानों की तैनाती के बावजूद इस तरह की लापरवाही कई गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या वाकई इन अवैध वेंडरों को संरक्षण मिल रहा है? या फिर जिम्मेदार विभाग पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है?

अब देखने वाली बात यह होगी कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और RPF इस पूरे मामले में क्या ठोस कार्रवाई करते हैं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING