
newsvoiceofindia/
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी स्थित ‘मोबाइल युग’ स्टोर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
क्या थी पूरी घटना?
शिकायतकर्ता गांधी हिंदुजा (पिता विशमदास हिंदुजा, निवासी शास्त्री कॉलोनी) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान ‘मोबाइल युग’ का शटर तोड़कर ओप्पो, वीवो और रियलमी कंपनी के लगभग 20 मोबाइल फोन चोरी कर लिए पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की।
जांच में सामने आया कि तीन संदिग्ध कटनी रेलवे स्टेशन से सतना जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। इसके बाद पुलिस ने मैहर, सतना और रीवा में घेराबंदी की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों को सिहोरा बायपास स्थित महाराज ढाबा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
कटनी पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी बेहद शातिर किस्म के हैं। ये फर्जी आधार और पैन कार्ड के जरिए होटलों में ठहरते थे। वारदात से पहले शहर में रेकी करते और फिर चोरी कर दूसरे राज्यों की ओर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं। बाला उर्फ अक्षय हेमराज कोबाड़ (26 वर्ष), निवासी हिंगना, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) सद्दाम उर्फ निसार नासिर खान (21 वर्ष), निवासी खजराना, इंदौर (म.प्र.) ताहिर मजीद खान (23 वर्ष), निवासी खजुरी पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि यह गिरोह अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।





