
newsvoiceofindia/
कटनी। झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का सुव्यवस्थित और अनुशासित आयोजन जारी है। देशसेवा का सपना लेकर पहुंचे युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 14 फरवरी की रात आयोजित प्रक्रिया में कुल 762 युवाओं ने अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लिया। इनमें सिंगरौली जिले से 70, मऊगंज से 216, सीधी से 292, मैहर से 168 तथा डिंडोरी जिले से 16 युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अभ्यर्थियों ने फिजिकल टेस्ट और मेडिकल परीक्षण में हिस्सा लिया।भर्ती प्रक्रिया के तहत युवाओं के दस्तावेजों का सघन सत्यापन भी किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रैली में शामिल सभी प्रतिभागी पहले ही सेना के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। अब उन्हें अंतिम चरण की शारीरिक दक्षता, चिकित्सकीय परीक्षण और दस्तावेज जांच की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। मैदान में अनुशासन, ऊर्जा और देशभक्ति का माहौल साफ नजर आ रहा है।
कटनी की धरती पर आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली युवाओं के जोश, समर्पण और भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने की उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का सशक्त उदाहरण बन रही है।







