“केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर में प्रशासनिक सख्ती: कलेक्टर रजनी सिंह व एसपी ऋषिकेश मीणा का संयुक्त वार्षिक निरीक्षण” 

newsvoiceofindia 

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने केन्द्रीय जेल नरसिंहपुर का संयुक्त वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी शाखा, हवालाती शाखा, कल्याण शाखा, फोन एवं जाली मुलाकात व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने जेल में संचालित दरी, चादर एवं फर्नीचर निर्माण कारखानों का अवलोकन किया तथा वहां की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों के वार्डों में जाकर उनसे भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के संबंध में चर्चा की और व्यवस्थाओं की स्थिति जानी।

इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा ने महिला जेल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संवाद किया। चर्चा के दौरान कलेक्टर ने महिला बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे जेल में रहते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने हेतु कोई कार्य या प्रशिक्षण करना चाहती हैं, तो प्रशासन सहयोग एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएगा।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अजमेर सिंह ठाकुर सहित जेल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने जेल व्यवस्था को और अधिक मानवीय, सुरक्षित एवं सुधारात्मक बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING