
कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से पिता और पुत्र के शव बरामद किए गए। कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बिस्तर पर दोनों के शव पड़े मिले शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे के अनुसार, मृतकों की पहचान विजय राय और उनके पुत्र आनंद कुमार राय के रूप में हुई है। विजय राय एसीसी डीएवी स्कूल कटनी में शिक्षक रहे थे और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि आनंद कुमार राय उनके इकलौते पुत्र थे। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी थे और वर्तमान में कटनी में विनीत तिवारी के मकान में किराए से रह रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात से कमरे से दुर्गंध आने लगी थी। काफी देर तक कोई हलचल न दिखने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई पुलिस को कमरे से कुछ खाली डिब्बियां भी मिली हैं, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फोरेंसिक जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हर एंगल से पुलिस जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और आर्थिक स्थिति, पारिवारिक तनाव या मानसिक दबाव समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में शोक और चर्चा का विषय बनी हुई है।






