
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया
कटनी। ट्रेन नंबर 12322 हावड़ा मेल में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। चलती ट्रेन में ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों और रेलवे स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री दिलीप कुमार अपनी पत्नी शांति कुमारी के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से बिहार के भभुआ रोड की यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के मध्य मार्ग में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे प्रशासन को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला व नवजात का प्राथमिक मेडिकल चेकअप किया। जांच में मां और बच्चा दोनों की हालत स्थिर पाई गई। एहतियात के तौर पर महिला और नवजात को आगे के उपचार और निगरानी के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया।जिला अस्पताल में किए गए चिकित्सकीय परीक्षण में मां और बच्चा दोनों की स्थिति पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित पाई गई। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर समन्वय, सतर्क निगरानी और त्वरित चिकित्सा प्रबंधन के कारण प्रसव पूरी तरह सफल रहा
वही रेलवे अधिकारियों के बताए अनुसार डॉक्टरों की सतर्कता और समय पर दी गई मेडिकल सहायता के कारण प्रसव पूरी तरह सुरक्षित रहा। इस दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने भी मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला की मदद की।
फिलहाल महिला और नवजात को सरकारी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।







