बीना तीसरी रेललाइन पर सीआरएस का सफल निरीक्षण, 120 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

कटनी। कटनी–बीना रेलखंड पर तीसरी लाइन परियोजना को लेकर मंगलवार का दिन बेहद अहम रहा। असलाना–पथरिया और पथरिया–गणेशगंज स्टेशन के बीच रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा सीआरएस निरीक्षण किया गया, जिसमें ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के बाद ट्रैक पर विशेष सीआरएस ट्रेन चलाकर स्पीड ट्रायल किया गया। करीब 42 मिनट तक चले इस निरीक्षण और ट्रायल के दौरान डीआरएम कमल कुमार तलरेजा सहित सीनियर डीएसएम, सीनियर डीईएन, एईएन और सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं असलाना, पथरिया और गणेशगंज स्टेशन की टीम उनकी व्यवस्थाओं में जुटी रही।

पश्चिम मध्य रेल के अधिकारियों के अनुसार सीआरएस प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की गई। पहले चरण में असलाना–पथरिया और दूसरे चरण में पथरिया–गणेशगंज स्टेशन के बीच तीसरी लाइन का निरीक्षण हुआ। जहां-जहां मामूली सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया गया।
इसके बाद पीडब्ल्यूआई टीम द्वारा सीआरएस टीम के समक्ष विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें ट्रैक को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की ट्रायल स्पीड के लिए पूरी तरह सुरक्षित और उपयुक्त बताया गया। रिपोर्ट के अनुमोदन के बाद शाम करीब 6 बजे फाइनल स्पीड ट्रायल किया गया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सीआरएस सफल होने से कटनी–बीना रेलखंड पर ट्रेनों की गति और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी और माल परिवहन भी अधिक सुचारु और तेज हो सकेगा।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING